संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जम्मू-कश्मीर को जल्द राज्य का दर्जा मिलेगा, बस इसके लिए प्रदेश के लोगों को थोड़ा इंतजार करना होगा। यह शब्द जम्मू-कश्मीर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद पहली बार कठुआ पहुंचे सत शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कही।
शुक्रवार को जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने पार्टी के जारी सदस्यता अभियान की समीक्षा की। 6 नवंबर से 15 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से उन्होंने ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने का आह्वान किया। कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को पार्टी के सक्रिय सदस्य बनाएं ताकि आने वाले निकाय व पंचायतों के चुनाव में पार्टी को इसका लाभ मिले। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के संदेश को साझा करते हुए कहा कि लोगों ने अगर हमें चुना है तो हमें उनकी समस्याओं का समाधान करने के काम करना होगा।
इस मौके पर उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में जानकारी देते हुए इसे जनजन तक पहुंचाने के लिए कहा। ताकि लोग इसे अपना कर बिजली के किराये के बोझ से बच पाए। काफी गिनती में लोग भी माैजूद थे।
इस मौके पर विधायक राजीव जसरोटिया, विधायक डॉ. भारत भूषण, भाजपा जिला प्रभारी मुनीश शर्मा, जिला प्रधान गोपाल महाजन, डॉ नरेंद्र सिंह जसरोटिया सहित काफी अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।