सलेमपुर। कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को अब ट्रेन के समय सारणी की आवश्यकता नहीं है। अगल बगल के पांच रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं की भीड़ होते ही कुछ देर में अतिरिक्त ट्रेन स्वत: पहुंचेगी और यात्रियों को सीधे प्रयागराज के लिए ले जाएगी। इसके लिए डीआरएम कार्यालय से हर घंटे स्टेशन अधीक्षक से भीड़ के बारे में मानिटरिंग की जा रही है।
महाकुंभ स्नान के लिए पिछले दिनों मकर संक्रांति, माघ अमावस्या, बसंत पंचमी, माघ पूर्णिमा में यात्रियों को जाने में हुई दिक्कतों के बाद अब रेल प्रशासन ने रेल यात्रियों के लिए नई सुविधा दी है। अब प्रयागराज को जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर अधीक्षकों से यात्रियों के बारे में हर पल जानकारी ली जा रही है। स्टेशन पर यदि श्रद्धालुओं की भीड़ किसी भी समय प्रयागराज जाने के लिए होती है तो उसी समय रेल प्रशासन अगल बगल के स्टेशन अधीक्षकों से यात्रियों की संख्या के बारे में जानकारी ले रहा है। उन्हें लाने के लिए तत्काल स्पेशल ट्रेन भेजकर यात्रियों को प्रयागराज ले जाने की व्यवस्था कर रही है। इसको लेकर यात्रियों को अब कुंभ जाने में सहूलियत मिलेगी। स्टेशन अधीक्षक बृजेश कुमार मिश्र ने बताया कि रेल विभाग अब हर समय स्टेशन पर प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की संख्या की बारे में जानकारी ले रही है। हालांकि आज भीड़ कम रही है। इसके चलते अतिरिक्त ट्रेन की आवश्यकता नहीं पड़ी है।