भड़सरा गांव में अवैध कब्जे पर चला प्रशासन का बुलडोजर
पीएसी सहित अन्य थानों की बुलाई गई थी फोर्स
प्रशासन को पूर्व में दो बार लौटना पड़ा था बैरंग
अमर उजाला ब्यूरो
बरहज। क्षेत्र के भड़सरा गांव में प्रशासन अवैध कब्जा खाली कराने पहुंचा। जहां काफी मशक्कत के बाद जेसीबी आदि लगाकर कब्जा खाली कराया गया। एहतियात के तौर पर मौके पर पीएसी सहित अन्य थानों की पुलिस फोर्स बुलाई गई थी। हालांकि, पूर्व में दो बार प्रशासन को बैरंग लौटना पड़ा था।
रविवार को तहसीलदार वंशराज राम, एसएचओ गिरिजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में फोर्स करीब साढ़े ग्यारह बजे भड़सरा गांव पहुंची। गांव में जेसीबी के साथ पहुंची फोर्स को देख लोग जुट गए। काफी जद्दोजहद के बाद प्रशासन ने किसी तरह कब्जा हटवाया। लोगों का कहना है कि चंद्रशेखर और लालधारी आदि के बीच काफी दिनों से जमीन विवाद चला आ रहा था। आराजी संख्या 149 और 152 की भूमि पर लालधारी की ओर से अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया था। कोर्ट ने उक्त मामले में जमीन से अवैध कब्जा खाली कराने का निर्देश दिया था। हालांकि, पूर्व में छप्पर फूंकने की धमकी आदि पर प्रशासन बैकफुट पर आ गया था। तीसरी बार प्रशासन को कब्जा खाली कराने में सफलता मिली है। तहसीलदार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर कब्जा खाली कराया गया है। मौके पर नायब तहसीलदार संजय पांडेय, महिला थाना इंस्पेक्टर शोभा सिंह सोलंकी, एसआई सहेंद्र यादव, अजय सिंह, हीरामन गोंड़, सुबाष सिंह, अनुराग सिंह, राहुल, कानूनगो रामबहाल, दिग्विजय नाथ मिश्र आदि मौजूद रहे।