सड़क के गड्ढे देखकर बिफरे प्रमुख सचिव, फोन कर इंजीनियर को सुनाई खरी-खोटी
लार/मेहरौनाघाट (देवरिया)। सजांव गांव के दौरे पर पहुंचे प्रमुख सचिव/ जिले के नोडल अधिकारी राजन शुक्ला बदहाल सड़कों देखकर नाराज हो गए। काफिला गांव में पहुंचा तो मौजूद अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाते हुए जल्द सड़क की मरम्मत कराने का निर्देश दिया। गांव में गंदगी और जल जमाव को लेकर बीडीओ और सचिव को फटकार लगाई।
राजन शुक्ला ने बृहस्पतिवार को लार ब्लाक के सजांव गांव पहुंचकर सबसे पहले दुर्गा माता और शिव मंदिर में पूजन-अर्चन किया। मंदिर परिसर में आम लोगों से विकास कार्यों का फीडबैक लिया। सुकठ मोड़ से सजांव गांव होते हुए पिंडी भागलपुर मार्ग संपर्क की बदहाली पर नाराजगी जताई। लोगों ने कहा कि सड़क के मरम्मत के लिए कई बार पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से शिकायत की गई है। शिकायत के बावजूद भी किसी ने संज्ञान नहीं लिया है। पीडब्ल्यूडी इंजीनियर को फोन कर खरी-खोटी सुनाई और जल्द सड़क मरम्मत कराने का निर्देश दिया। गांव में गंदगी व जलभराव पर बीडीओ सुधा सिंह और ग्राम पंचायत सचिव को फटकार लगाई। सफाई कर्मी मौके से नदारद मिला। जर्जर हो चुके बिजली के तारों को जेई रामशीष से बदलवाने की बात कही। उज्ज्वला योजना का गरीबों को लाभ मिला की नहीं। कोई वंचित तो नहीं है। इस पर प्रधान ने कहा कि जो भी पात्र हैं सभी को योजना से लाभांवित किया गया है। इस दौरान डीएम अमित किशोर, एसडीएम ओमप्रकाश, सीओ बरुण मिश्र, लार एसओ, सचिव सुमित मिश्रा, बैभव सिंह आदि मौजूद रहे।
मईल नहीं पहुंचे प्रमुख सचिव
मईल। प्रमुख सचिव राजन शुक्ला का कार्यक्रम भागलपुर ब्लॉक के बगहीं गांव व देवरहवा बाबा आश्रम मईल में था। इसको लेकर ब्लॉककर्मी बुधवार की रात से ही बगहीं गांव को चमकाने में जुटे रहे। जब उन्हें पता कि प्रमुख सचिव का कार्यक्रम निरस्त हो गया तो राहत कि सांस ली। देवरहवा बाबा आश्रम मईल पर भी सुबह से ही उनके आने की तैयारी मे साफ सफाई चल रही थी। पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी मुख्य सचिव के दौरे को लेकर रामजानकी मार्ग पर बने गढ्ढे भरने में लगे थे।