बघौचघाट। थाना क्षेत्र में दो बच्चों के साथ कथित कुकर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को बघौचघाट थाना क्षेत्र के एक शख्स ने पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि उसके नाबालिग पुत्र और उसके दोस्त को एक युवक बहला-फुसलाकर नदी के किनारे ले गया।
वहां दोनों बच्चों के साथ गलत हरकत की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पर पॉक्सो एक्ट एवं अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बसडिला मैनुद्दीन चौराहे के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी आशीष गुप्ता (20) निवासी थाना बघौचघाट क्षेत्र को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
उन्होंने कहा कि मामले की विवेचना की जा रही है। यदि जांच में अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उसके अनुरूप भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।