बघौचघाट। बिहार के गोपालगंज के कटेया क्षेत्र में शादी समारोह में नर्तक सोनू गौंड़ की हत्या के तीन दिन बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। वहीं सोनू के परिजन और डांस पार्टी के संचालक न्याय की उम्मीद में थाने का चक्कर लगा रहे हैं।
सोनू शादी-विवाह में अपनी कला की प्रस्तुति देकर परिवार का भरण-पोषण करता था। सोनू की पत्नी और डांस पार्टी के मालिक लगातार कटेया थाना पहुंचकर कार्रवाई की जानकारी ले रहे हैं, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया है। परिवार का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी से उनका भरोसा टूट रहा है।
शादी समारोह के दौरान नर्तक को कुछ युवक खींच रहे थे। विरोध करने पर उसके पेट में गोली मार दी थी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। संदिग्धों की गतिविधियों पर पुिलस नजर रख रही है। हथुआ डीएसपी आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की बहुत जल्द गिरफ्तारी हो जाएगी। संवाद