लूट में प्रयुक्त कार व लूट की मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार
मईल। थाना क्षेत्र के बिसौली के एक व्यक्ति की पिपरा बांध पुल के पास लूटी गई बाइक के मामले का मईल पुलिस को सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने आरोपी को कार के साथ पकड़ लिया। उसके पास से लूट का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने रविवार को उसे जेल भेज दिया।
मईल थाना क्षेत्र के बिसौली गांव के समीउल्लाह अंसारी 5 सितंबर की रात में अपने दोस्त पिपरा दवन निवासी जसवंत सिंह के बेटे के जन्मदिन पार्टी से अपने गांव बिसौली आ रहे थे। राम-जानकी मार्ग पर पिपरा बांध पुल के समीप अराजकतत्वों ने कार से ओवर टेक कर समीउल्लाह को रोक दिया। उसे मारपीट कर घायल कर नाले में फेंक दिया। बाइक व मोबाइल लूट कर फरार हो गए थे। घटना के बाद मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल कर रही थी। चार माह बाद मुखबिर ने पुलिस को मोबाइल पर सूचना दी कि बाइक लूट की घटना में वांछित मुख्य आरोपी सफेद रंग की कार से बरहज की तरफ से आ रहा है। सूचना मिलते ही एसआई रमाशंकर यादव व कांस्टेबिल जयराम यादव, रामशीष कुमार बिंद व अमित यादव बरेजी पुल के पास वाहन चेकिंग करने लगे। उसी समय सफेद रंग की कार आती दिखाई दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देख कर चालक कार रोक कर भागने लगा। पुलिस कर्मियों ने उसे दौड़ा कर पकड़ लिया। उसने अपना नाम अखिलेश यादव ग्राम पिपराइच थाना रामपुर कारखाना बताया। उसके पास से पुलिस ने कार व लूट का मोबाइल फोन बरामद किया। एसओ प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पकड़े गए अखिलेश यादव के बयान पर तीन बदमाशों व बाइक की तलाश जारी है। पकड़े गए अखिलेश को न्यायालय भेज दिया गया।