पैकौली। सुरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी का झांसा देकर पड़ोस की युवती का पांच साल तक यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। युवती की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को आरोपी युवक पर पॉक्सो एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गांव की रहने वाली युवती का पड़ोस के ही स्वजातीय युवक से करीब पांच साल से प्रेम संबंध था। युवती का आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। कुछ दिन पहले युवती के परिवार वालों ने उसे युवक से मोबाइल पर बात करते हुए पकड़ लिया था। उन्होंने युवती को डांट-फटकार लगाई थी।
इससे आहत होकर युवती ने कमरे का दरवाजा बंद कर दुपट्टे से फंदा लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश की थी। समय रहते सूचना मिलने पर सुरौली पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर युवती को बचाकर थाने ले गई थी। थाने में भी युवती प्रेसी से शादी कराने की मांग पर अड़ी रही, जबकि युवक ने विवाह से इन्कार कर दिया था।
इसके बाद युवती ने पुलिस से युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने की शिकायत की थी। सुरौली के थानेदार अविनाश कुमार मौर्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।