प्रतापपुुर-भवानी छापर मार्ग पर सिरसिया कांटा के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी(देवरिया)। खामपार थानाक्षेत्र के प्रतापपुर-भवानी छापर मार्ग पर सिरसिया कांटो गांव के समीप गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली शनिवार रात गड्ढे में जाने से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक बलदेव यादव की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के सेमरा घुसरी गांव निवासी बलदेव यादव (55) ट्रैक्टर-ट्राली से गन्ना लेकर शनिवार देर शाम प्रतापपुर चीनी मिल जा रहे थे। साथ में पिवकोल गांव के गुड्डू चौहान भी थे। अभी वे भटनी-भिंगारी मार्ग होते हुए पिपरा उत्तर पट्टी गांव पहुंचे। वहां से मिल में चौकीदार व अपने रिश्तेदार ध्रुपदेव यादव को भी ट्रैक्टर पर बैठा लिया। देर रात तीनों भवानी छापर-प्रतापपुर मार्ग पर सिरसिया कांटा गांव के पास पहुंचे थे कि घने कोहरे के कारण ट्रैक्टर-ट्राली सड़क से गड्ढे में जाने से पलट गया।
हादसे में चालक बलदेव यादव गन्ने में दब गए और उनकी मौत हो गई। वहीं गुड्डू चौहान और ध्रुपदेव यादव घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर खामपार के थाना प्रभारी भीष्मपाल सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जेसीबी से गन्ने को हटाकर नीचे दबे बलदेव को बाहर निकाला। दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी भीष्मपाल सिंह यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।