हादसे में दूल्हे के भाई और मामा की मौत
बनकटा के हाता बाजार के पास शनिवार की सुबह हुआ हादसा
बलुअन के सत्येंद्र की बिहार के चितहानी गांव गई थी बरात
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बरात से लौट रहे दूल्हे के भाई और मामा खामपार थानाक्षेत्र के हाता बाजार के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया तो चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार तीसरा वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों में से कोई हेलमेट नहीं लगाया था।
खामपार थानाक्षेत्र के बलुअन गांव निवासी स्वर्गीय रामनरायन चौरसिया के बेटे सत्येंद्र चौरसिया की बरात शुक्रवार को सिवान जिले के चितहानी गांव में गई थी। सत्येंद्र का छोटा भाई ओमप्रकाश चौरसिया 20 और मामा भागवत चौरसिया 54 निवासी रघुनाथपुर, सिवान और लुहसी के रहने वाले रामजी चौरसिया 70 एक बाइक से सवार होकर शनिवार की सुबह घर लौट रहे थे। तीनों अभी खामपार के हाता बाजार के पास पहुंचे थे कि किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तीनों को स्थानीय अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने ओमप्रकाश और भागवत को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। साढ़े नौ बजे जिला अस्पताल पहुंचे दोनों को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल प्रशासन की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। बाइक सवार रामजी चौरसिया का उपचार चल रहा है। सदर कोतवाल अरुण मौर्य ने बताया कि खामपार इलाके में सड़क हादसे में दो की मौत हुई है। मामले में कार्रवाई की गई है।
मंगलगीत की जगह मातम
भाटपाररानी। बलुअन गांव निवासी स्वर्गीय रामनरायन चौरसिया के घर में मंगलगीत गाए जा रहे थे। खुशी-खुशी शुक्रवार को सत्येंद्र की बारात गई। किसी को क्या पता था कि खुशी का माहौल मातम में बदल जाएगा। शनिवार की सुबह हादसे में दूल्हे के भाई ओमप्रकाश और मामा भागवत की मौत हो गई। ओमप्रकाश दिल्ली में एक कंपनी में काम करता था तो भागवत दार्जिलिंग में कारोबार करते थे। दोनों शादी समारोह में शामिल होने आए थे। दोनों के मौत की सूचना घर पर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मंगलगीत गा रही महिलाएं रोने लगीं।