खूब उड़े अबीर गुलाल, उमंग के साथ खेली गई होली
देवरिया। जिले में शनिवार को होली पर्व पूरे धूमधाम और उमंग के बीच मनाया गया। युवाओं की टोलियां ने लोगों को होली की बधाई दी। बच्चों ने अपने साथियों संग मोहल्ले में पिचकारी में रंग भर कर आने-जाने वालों के ऊपर फेंका। घरों में महिलाओं एवं युवतियों ने भी गीत-संगीत के बीच पर्व का आनंद लिया।
शाम को सज-धजकर निकले लोगों ने अबीर लगाकर बड़ों से आशीर्वाद लिया और पर्व की बधाई दी। घर आए हुए लोगों की खूब आवभगत भी हुई। होली के मद्देनजर सुबह से ही जनपद में उत्साह का माहौल रहा। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में फाग गीतों के बीच शुरू हुआ उत्सव अपराह्न तक जारी रहा। बच्चों का समूह सुबह से लेकर दोपहर तक पिचकारी में रंग भरकर आने-जाने वालों पर उसकी बौछार करता रहा। सबसे ज्यादा मस्ती युवाओं ने की। रंग, अबीर-गुलाल, पेंट से सने चेहरों के बीच किसी को पहचान पाना ही मुश्किल हो रहा था।
मोहल्लों में घूम-घूमकर उन्होंने सबको हैप्पी होली बोला। शहरी क्षेत्र में युवतियों एवं महिलाओं ने घरों में ही या मोहल्लों तक जाकर होली खेली। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में युवतियों एवं महिलाओं ने रंग बरसाए। घर आए मेहमानों का गुझिया, खस्ता, दही बड़े, गुलाब जामुन, रसगुल्ला, नमकीन, पापड़, चिप्स, पकौड़ी, फल, काजू, किशमिश, गरी, बादाम, छुहारा सहित विभिन्न नॉनवेज पकवान खिलाकर स्वागत किया गया।
शांतिपूर्वक संपन्न हो गया होली व शब-ए-बरात पर्व
भाटपाररानी। नगर व क्षेत्र में शनिवार को होली का त्यौहार सकुशल शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। होली इस वर्ष दो दिन मनाई गई। ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक जगहों पर शुक्रवार को शब-ए-बरात के दिन ही होली मनाई गई। अनेक जगहों पर शनिवार को रंगों का त्योहार मनाया गया। लोगों ने इस दिन अबीर-गुलाल एक-दूसरे को लगाकर होली की बधाई दी तथा विभिन्न प्रकार के पकवानों व व्यंजनों का आनंद लिया। संवाद
ग्रामीण क्षेत्रों में जमकर हुई होली
बघौचघाट। होली की धूम शनिवार को गांवों में भी देखने को मिली। चारों तरफ रंग, अबीर-गुलाल उड़ रहे थे। बच्चों के खुशियों का ठिकाना नहीं था। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर गले मिलकर बधाई दी। सभी ने स्वादिष्ट पकवान का आनंद भी लिया। पूर्व कृषि मंत्री व पथरदेवा से विधायक सूर्यप्रताप शाही ने अपने पैतृक गांव पकहां में भगवान चतर्भुज का दर्शन कर गांव के लोगों के साथ जमकर होली खेली और लोगों को शुभकामना दी। इस दौरान मुरारी मोहन शाही, ध्रुव शाही, नवीन शाही, सुभाष कुशवाहा, शिवजी ठाकुर आदि उपस्थित रहे। संवाद