बरियारपुर। थाना क्षेत्र के विशुनपुर कला गांव निवासी एक युवक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद छह माह तक कोमा में था। बुधवार को उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज भेज दिया। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद छोटी गंडक नदी के गोरयाघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, विशुनपुर कला निवासी 21 वर्षीय अरुण चौहान पुत्र गुड्डू चौहान दो सितंबर 2025 को अपने तीन मित्रों मोहित यादव, ईशान शर्मा और विपुल चौहान के साथ बाइक से हनुमान मंदिर बारीपुर गए थे।
गांव लौटते समय महुआनी–सोनूघाट मार्ग पर अचानक एक नीलगाय बाइक से टकरा गई। इस दुर्घटना में ईशान शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अरुण चौहान और मोहित यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। विपुल चौहान को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया था। घटना के बाद अरुण चौहान की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान वे कोमा में चले गए थे।
करीब तीन माह तक अस्पताल में उपचार के बाद चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें उसी अवस्था में घर ले जाया गया और घर पर ही उनका इलाज चल रहा था। बुधवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मोहित यादव का इलाज लखनऊ में चल रहा है।