सलेमपुर (देवरिया)। बारिश के दौरान शनिवार की सुबह कमरे में खिड़की के पास बैठकर मोबाइल चल रहा 22 वर्षीय पीयूष शर्मा बिजली गिरने से उसकी चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, नगर के वार्ड नंबर एक भरौली निवासी हरिश्चंद्र शर्मा का बेटा पीयूष शर्मा शनिवार की सुबह कमरे में खिड़की के पास बैठकर मोबाइल फोन चला रहा था। तेज बारिश के साथ बिजली तड़क रही थी। अचानक तेज आवाज के साथ बिजली गिर पड़ी। चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई। वहीं तहसीलदार अलका सिंह ने मौके पर पहुंच परिवार के लोगों से हादसे की जानकारी ली।
वार्ड के सभासद हरिश्चंद्र प्रसाद और वार्ड नंबर छह के सभासद अशोक गुप्ता ने तहसील प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजे दिलाने की मांग की है।