पैकौली। कोतवाली क्षेत्र के मालकौली गांव में शनिवार की दोपहर घर के पड़ोस में पंखा बनाते समय करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए और बिना पोस्टमार्टम कराए दफना दिया। मालकौली गांव निवासी इरशाद अली (32) पुत्र इजहार अली शनिवार की दोपहर घर के पड़ोस में पंखा बना रहे थे। इसी दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गए । इरशाद के करंट की चपेट में आने की जानकारी होते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इरशाद की शादी करीब तीन साल पहले साविदा खातून से हुई थी। उनकी आठ माह की बेटी सकीना है। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी साविदा खातून और माता नईम खातून चीख पड़ीं।
घर में मातम छा गया। इरशाद के पिता इजहार अली सऊदी अरब में रहकर सिलाई का काम करते हैं।