रुद्रपुर। मारपीट में घायल गोनाह सुरतपुरा गांव निवासी मनीष तिवारी 40 की मेडिकल कॉलेज देवरिया में इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। बृहस्पतिवार को उनका गांव के ही एक शख्स से विवाद हुआ था।
पुलिस के अनुसार दोनों शराब के नशे में थे और मारपीट के दौरान मनीष के सिर में गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में उन्हें सीएचसी लाया गया जहां हालात नाजुक देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान रात्रि 9:00 बजे उनकी मौत हो गई। सिर में चोट लगने से अत्यधिक रक्त स्राव होना मौत का कारण बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी चंद्र मोहन मिश्रा के खिलाफ पहले ही हत्या के प्रयास का अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तार कर चुकी है। इस संबंध में सीओ हरिराम यादव ने बताया कि मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।