भागलपुर। सोशल मीडिया पर वायरल होने का जुनून युवाओं पर ऐसा छाया है कि वे जान जोखिम में डालने से भी चूक नहीं रहे हैं। कुछ ऐसा ही मामला मंगलवार की शाम भागलपुर सरयू नदी के पुल पर देखने को मिला। नदी में छलांग लगाने का रील बनाने के चक्कर में युवक-युवती पुल की रेलिंग से लटक गए। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दोनों को बचाया। बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र का एक युवक और युवती भागलपुर सरयू नदी के पुल पर पहुंचे। युवक अचानक पुल की रेलिंग से लटक कर छलांग लगाने की नाटक करने लगा। युवती उसका पैर पकड़कर रोने-चिल्लाने का नाटक करने लगी। यह देख राहगीरों में हड़कंप मच गया।
लोगों ने भागलपुर पुलिस चाैकी को सूचना दी। चौकी प्रभारी अजय राय पुलिसकर्मियों के साथ माैके पहुंचे और दोनों को पुलिस चौकी ले आए। पूछताछ में जो सच सामने आया उसने पुलिसकर्मी भी हैरान में पड़ गए।
दोनों ने अपने को यूट्यूबर बताया और कहा कि वे व्यूज के लिए रील बना रहे थे। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज लिए जानलेवा स्टंट का नाटक कर रहे थे।
पुलिस ने दोनों के परिजन को चौकी पर बुलाकर मामले से अवगत कराया। चेतावनी दी कि इस तरह के स्टंट से न सिर्फ उनकी जान को खतरा हो सकता है बल्कि राहगीरों में भी दहशत फैलती है। कड़ी हिदायत के बाद दोनों को परिजन के सुपुर्द कर दिया।