बरहज। क्षेत्र के देईडीहा गांव में दो मंजिल मकान पर काम कर रहे पिपरा भुल्ली गांव निवासी मजदूर रमेश प्रसाद (45) सोमवार की शाम गिरकर घायल हो गए। इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रमेश की मौत की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। लोगों का कहना था कि दूसरे मंजिल पर काम कर रहे रमेश मकान से सटकर गए केबल में प्रवाहित हो रहे करंट के जद में आ जाने से छत से गिर गए थे।
पिपरा भुल्ली गांव निवासी रमेश प्रसाद करीब एक सप्ताह से देईडीहा गांव स्थित निर्माणाधीन मकान पर कार्य कर रहे थे। लोगों का कहना है कि मकान से सटकर बिजली का केबल गया हुआ है, जिसके संपर्क में आने पर वह झटका खाकर छत से नीचे गिर पड़े। केबल टूटने के साथ दीवार भी गिर गई। रमेश के जमीन पर गिरकर घायल होने से खलबली मच गई। आनन-फानन उन्हें इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि सात-आठ माह पूर्व उनकी पत्नी संगीता देवी की भी मौत हो चुकी है। रमेश की मौत की जानकारी होने पर पुत्र अंकित, आर्यन, पुत्री अर्चना और काजल का रो-रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्पार्टम के लिए भेजा गया है।