सऊदी अरब में फंसे दुर्गेश वर्मा की फाइल फोटो
- फोटो : SALEMPUR
छह वर्षों से सऊदी अरब में फंसा है दुर्गेश
परिजनों, मित्रों से भारत बुलाने की कर रहा मांग, पासपोर्ट नहीं दे रही कंपनी
संवाद न्यूज एजेंसी
लार। छह वर्षों पूर्व कमाने गया लार का युवक सऊदी अरब में फंस गया है। परिवार वालों का आरोप है कि उसका पासपोर्ट कंपनी मालिक ने जब्त कर लिया है। परिवार वालों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से गुहार लगाई है। युवक की पत्नी का कहना है कि पति जल्द स्वदेश नहीं लौटा तो आत्मदाह कर लूंगी।
लार नगर निवासी दुर्गेश वर्मा पुत्र गोपाल वर्मा की शादी सात वर्षों पूर्व भोरे बिहार निवासी नीति वर्मा से हुई है। शादी के एक साल बाद दुर्गेश सऊदी अरब के अलखब्जी शहर की एक कंपनी में काम करने चला गया। यहां कुछ महीनों तक उसे कंपनी के तरफ से तनख्वाह भी मिल रही थी। उसका आरोप है कि एक साल बीतने के बाद जब उसने घर आने की इच्छा जताई तो उसके मालिक ने उसका पासपोर्ट मांगकर अपने पास रख लिया और बाद में जाने की बात कही। इसी तरह से छह वर्ष बीत गए हैं। उसे तनख्वाह भी नहीं मिलती है, सिर्फ भोजन मिलता है। बीच में उसने अपना वीडियो बना सोशल मीडिया पर वायरल कर भारत आने की इच्छा जताई। इधर, कुछ दिनों से परिवार के लोग शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मदद कर उसे बुलाने की मांग की कर रहे हैं। कोई सुनने वाला नहीं है। उसने फोन कर मित्रों से मदद की गुहार लगाई है। पत्नी नीति का कहना है कि भारत सरकार उन्हें भारत लाने की कोशिश करे। वहां पासपोर्ट मांगने पर पिटाई की जा रही है। वहीं दुर्गेश वर्मा ने बताया कि हमने भारतीय दूतावास जाने की बात कही तो इस पर पांच दिनों तक कंपनी मालिक ने पिटाई की। शुक्रवार को परिजनों ने मुख्यमंत्री के सूचना सलाहकार शलभ मणि से बात कर उसे बुलाने की मांग की है। पत्नी नीति का कहना है कि अगर प्रशासन हमारे पति को स्वदेश नहीं लाती है तो जल्द ही आत्मदाह करूंगी।