सलेमपुर। ओवरब्रिज के बीच सोमवार की सुबह अचानक एक ट्रक खराब हो गया। बीच पुल पर ट्रक खड़े हो जाने से मझौली मोड़ से लेकर कोतवाली गेट तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जाम इतना भीषण था कि एम्बुलेंस, रेल यात्री, अस्पताल जाने वाले मरीज, तहसील और ग्राम्य न्यायालय जाने वाले अधिवक्ता समेत आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद खराब ट्रक को ओवरब्रिज से नीचे कराया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सुचारु हो सका।
सहालग के चलते बाजार में सुहब से ही भीड़भाड़ देखने को मिला। सुबह सब्जी के फुटकर विक्रेताओं ने माल गोदम के समीप गांधी चौक से रेलवे स्टेशन को जाने वाली सड़क की दोनों पटरियों पर सब्जी की दुकानें लगा दीं। वहीं खरीदारी करने आए लोग भी अपने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर सब्जी की खरीदारी में जुट गए। इससे सुबह 6 से 10 बजे तक जाम की स्थिति और गंभीर हो गई।
गांधी चौक से लेकर रेलवे स्टेशन तक सड़क किनारे सब्जी की दुकानें लगने से यातायात और बाधित हो गया। अभी ये जाम खत्म नहीं हुआ था, तभी ओवरब्रिज पर एक ट्रक अचानक खराब हो गया।
इसके चलते सलेमपुर-देवरिया मार्ग कोतवाली गेट से मझौली मोड तक करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने ट्रक को किसी तरह साइड कराया। उसके बाद यातायात व्यवस्था शुरू हो सकी।
कोतवाल दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि ओवरब्रिज पर ट्रक खराब होने के कारण जाम लगा था, जिसे हटवाकर यातायात बहाल कर दिया गया। उन्होंने कहा कि बाजार में भीड़ और अतिक्रमण के चलते भी कुछ समय के लिए समस्या बनी रही। प्रशासन द्वारा पहले भी सड़क किनारे दुकान लगाने वालों को कई बार चेतावनी दी जा चुकी है।