रुद्रपुर। होली के दिन दोपहर में शॉट सर्किट से एक शृंगार के सामान की दुकान में भीषण आग लग गई। भीड़भाड़ वाले इलाके में आग की लपटों को देख करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। आग से करीब पांच लाख रुपये से अधिक की क्षति बताई जा रही है। दमकल की गाड़ी देर से पहुंचने पर आग बुझाने में जुटे व्यापारियों ने नाराजगी जताई।
नगर के इमामबाड़ा चौराहे पर उर्मिला गुप्ता ने किराये की दुकान में जगदंबा शृंगार घर नाम की दुकान खोल रखी है। बुधवार की दोपहर दुकान से आग की लपटों को देख लोगों ने शोर मचाया। होली मनाने में जुटे मोहल्ले के लोग आग की लपटों को देखकर दंग रह गए। लोग आग बुझाने में जुट गए। दो मंजिला मकान में जाने का रास्ता संकरा होने के कारण आग बुझाने में मशक्कत झेलनी पड़ी। देवरिया से पहुंची दमकल की गाड़ी के सहयोग से पूरी आग बुझाई जा सकी। आंख के सामने आग की चपेट में पूंजी जलता देख महिला दुकानदार उर्मिला की आंखे भर आई। महिला के अनुसार उनकी बेटी अंजली की शादी अप्रैल माह में होनी है। शादी का सामान भी वह दुकान में रखी थी। दुकानदार की जमा पूंजी भी जल जाने से पूरा परिवार सदमे में आ गया। व्यापारियों ने पीड़ित परिवार के आर्थिक मदद की मांग की। मौके पर पहुंच एसडीएम हरिशंकर लाल ने आग से हुई क्षति का जायजा लिया।