देसही देवरिया। इमिलिया बिजली उपकेंद्र में नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने की वजह से सोमवार को भी दो बिजली उपकेंद्रों की सप्लाई दिन भर ठप रही। इस कार्य में अभी एक दिन और लग सकता है। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं की सप्लाई और अधिक सुविधाजनक करने के लिए इमिलिया बिजली उपकेंद्र पर पांच एमबीए का ट्रांसफार्मर लगाए जाने का कार्य रविवार की सुबह शुरू हुआ। इस कार्य की वजह से कुशीनगर के कसया डिवीजन से आने वाली 33 हजार मेन सप्लाई को दूसरे दिन सोमवार को भी सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक ब्रेक किया गया। कार्य पूरा नहीं होने की स्थिति में मंगलवार को कार्य पूरा किया जाएगा। इससे इमिलिया और पांडेयचक दोनों उपकेंद्रों के उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली से संचालित होने वाले उद्योग धंधे भी बाधित हो रहे हैं।
पांच एमबीए का ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। इसकी वजह से मेन सप्लाई दिन में 11 से तीन बजे तक बंद की गई थी। जल्द कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद सप्लाई सामान्य हो जाएगी।
इरफानुल्लाह अंसारी, अवर अभियंता इमिलिया।