देवरिया। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 18 मार्च को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान देवरिया में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी रोहन अपूर्व सिन्हा ने बताया कि रोजगार मेले में अब तक 22 प्रतिष्ठित कंपनियों और फर्मों ने प्रतिभाग करने की सहमति दे दी है। इनमें टाटा मोटर्स, अशोक लेलैंड, एल एंड टी, आईसीआईसीआई बैंक, क्वैस कॉर्प, केमिकल एंड अलाइड प्रोडक्ट्स लिमिटेड देवरिया, इलेक्ट्रो ग्रीन सॉल्यूशंस देवरिया, टीमलीज, पेरे ग्रीन सिक्योरिटी, रामायनी सोलर, श्रीराम फाइनेंस और सत्या माइक्रो कैपिटल जैसी कंपनियां शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कंपनियों की सहमति लगातार मिल रही है और रोजगार मेले में 30 से अधिक स्थानीय और बाहरी कंपनियों को शामिल कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके माध्यम से 1000 से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है। रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, बीटेक, स्नातक और परास्नातक योग्यता वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है।
इच्छुक अभ्यर्थी 18 मार्च को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने शैक्षिक प्रमाणपत्र और बायोडाटा के साथ आईटीआई परिसर में पहुंचकर कैंपस चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।