बरियारपुर। क्षेत्र में बिजली बिल कम कराने के नाम पर 45 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। क्षेत्र निवासी जितेंद्र गुप्ता ने एसडीओ बरियारपुर को प्रार्थना पत्र देकर एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के अनुसार, जून 2025 में अकबर अली नामक व्यक्ति ने स्वयं को बिजली विभाग का फील्ड अफसर बताते हुए उसका बिजली बिल कम कराने का भरोसा दिलाया। इस दौरान आरोपी ने उससे 45 हजार रुपये ले लिए। रुपये लेने के बावजूद न तो बिजली बिल जमा हुआ और न ही उसमें किसी प्रकार का सुधार किया गया। जितेंद्र गुप्ता का कहना है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने उसे धमकी देने लगा।
मानसिक रूप से परेशान होकर पीड़ित ने पूरे मामले की लिखित शिकायत एसडीओ बरियारपुर से की है और न्याय की मांग की है। इस संबंध में एसडीओ बरियारपुर अरुण कुमार ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं था। आवेदन प्राप्त हुआ है, जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।