ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
देवरिया।। सदर रेलवे स्टेशन पर नव निर्मित फुटब्रिज के नीचे शनिवार की दोपहर आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
शनिवार को जीआरपी को सूचना मिली कि फुटब्रिज के नीचे रेल लाइन नंबर दो पर ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। खबर मिलने पर सुरक्षा कर्मी पहुंचे। व्यक्ति की जेब से सात टिकट मिले। इसमें हाल ही में शुक्रवार को बरसोई जंक्शन से बरेली जाने के लिए जनरल टिकट था। साथ ही एक पर्ची भी मिली, जिस पर लिखा था कि आम्रपाली से गोरखपुर जाना फिर वहां से ट्रेन बदलकर बरेली जाना है।
जीआरपी प्रभारी सुधाकर उपाध्याय ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शव को मोर्चरी में रखा गया है। मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। संवाद