नहर में दिखा डॉल्फिन जैसा जलीय जीव, ग्रामीणों में देखने को लगी रही होड़
रामपुर बुजुर्ग/ बनकटा। बुधवार को गोपालगंज से नौतन होते हुए मैरवा जाने वाली नहर में एक विशाल जलीय जीव दिखाई दिया।उसकी लंबाई लगभग 8 फीट के करीब बताई जा रही है और इसका पुंछ भाग मछली जैसा दिख रहा था।इसकी खबर सुनते ही आसपास के गांवों के लोग सैकड़ों की संख्या में नहर किनारे इकट्ठा हो गए और जीव को देखने के लिए पीछे-पीछे दौड़ते रहे।जलीय जीव नौतन से आगे रामगढ़,बालवा होते हुए शाहपुर गांव के सामने पहुंची और फिर वापस नौतन की ओर लौट गई।
स्थानीय प्रशासन और मछली पालन विभाग को भी सूचना दी गई है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह जीव नहर में कैसे आया और इसे सुरक्षित रूप से प्राकृतिक आवास में कैसे भेजा जाए। ग्रामीणों ने इसे देखकर खुशी जताई और कहा कि ऐसा दृश्य जीवन में एक बार देखने लायक अनुभव था।लोगों के अनुसार जलीय जीव दिखने में डाल्फिन जैसा लग रहा था हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। संवाद