अपहरण कर भाग रहे युवक को पकड़ा
बुधवार की रात मेहड़ा पुरवा से अपहरण कर साइकिल से ले जा रहा था आरोपी
परिजनों से मांगी थी पांच लाख रुपये फिरौती, महुआडीह इलाके में पकड़ाया
कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया इलाके का रहने वाला है आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/देसही देवरिया। सदर कोतवाली के मेहड़ा पुरवा गांव से एक बच्चे का अपहरण कर भाग रहे युवक को रामपुर कारखाना पुलिस ने धनौती रजडीहा गांव के पास से दबोच लिया। जमकर पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। अपहरण के बाद आरोपी ने बच्चे की मां से पांच लाख रुपये फिरौती मांगी थी। सदर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
मेहड़ा पुरवा गांव के तेजनारायण यादव का परिवार बुधवार की रात सो रहा था। उनके मकान के पीछे चल रहे निर्माण कार्य में खड्डा खुर्द, थाना नेबुआ नौरंगिया कुशीनगर गांव का रहने वाला विकेश चौहान (28) करीब एक माह से मजदूरी करता है। बुधवार की रात करीब साढ़े 11 बजे वह निर्माणाधीन मकान के रास्ते तेजनारायण के मकान में घुस गया। वहां सो रहे तेजनारायण के सात वर्षीय बेटे जिगर यादव को उठा लिया। बाहर निकल कर उसे एक साइकिल पर बैठाकर और हाटा की तरफ भागने लगा। रात करीब डेढ़ बजे वह रामपुर कारखाना के महुआडीह पुलिस चौकी क्षेत्र के धनौती रजडीहा गांव के पास पहुंचा। गश्त पर निकले सिपाहियों ने शक होने पर पूछा तो उसने बताया कि वह महुआडीह से रामलीला देखकर लौट रहा है। यह कहते हुए तेजी से भागने लगा। पुलिस ने दौड़ाया तो वह बच्चे को विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक के सामने साइकिल समेत फेंककर भाग गया। ट्रक चालक ने गाड़ी रोककर बच्चे की जान बचा ली। पुलिस ने नाकेबंदी कर रातभर उसकी तलाश जारी रखी। चौकी के सिपाही आनंद गोंड़, बृजेश यादव, विनोद और सुभाष यादव रातभर खेतों में ढूंढते रहे। गुरुवार की सुबह पांच बजे गांव के लोगों ने एक संदिग्ध युवक को खेतों में मोबाइल ढूंढते देखा। शोर मचाने पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। मौके पर पहुंचे एसओ रामपुर कारखाना राजेश सिंह ने उसे कोतवाली पुलिस को सुपुर्द कर दिया। तेज नारायण की पत्नी विनीता देवी की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने विकेश चौहान के खिलाफ अपहरण कर फिरौती मांगने का केस दर्ज किया है। आरोपी विनीता का मोबाइल भी साथ ले गया था। इस संबंध में एसओ रामपुर कारखाना राजेश सिंह ने बताया कि आरोपी विकेश मेहड़ा पुरवा से एक बच्चे का अपहरण कर भाग रहा था। उसे पकड़कर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया है। वहीं प्रभारी सदर कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर आरोपी युवक को पकड़ लिया गया है, पूछताछ की जा रही है।
बच्चे ने आरोपी को पहचाना
अपहृत बच्चे ने पुलिस को बताया था कि अपहर्ता पीला रंग का शर्ट पहने हुए था। आरोपी विकेश का शर्ट पीला ही था। कोतवाली में आरोपी युवक को देखकर बच्चे ने पहचान लिया। वहीं, विकेश चौहान के मौसी का घर रामपुर कारखाना इलाके के एक गांव में है। उसने बताया कि मौसी के घर था। पुलिस ने मौसी को बुलाकर पूछा तो उसने बताया कि एक महीने पूर्व ही इसे भगा दिया था।
मोबाइल ढूंढने में पकड़ा गया अपहर्ता
बच्चे को लेकर भागते वक्त युवक को पुलिस ने रोका तो वह जल्दी में साइकिल के साथ बच्चे को छोड़कर भागने लगा। इसी जल्दबाजी में उसका मोबाइल फोन कहीं गिर गया। मोबाइल फोन के जरिए खुद के पकड़े जाने की आशंका से सहमा विकेश भोर में ही मौके पर पहुंचकर खेतों में मोबाइल ढूंढने लगा। तब तक लोगों की उस पर नजर पड़ गई।