सलेमपुर। मौनी अमावस्या पर्व पर सलेमपुर से श्रद्धालुओं को लेकर बरहज जा रही एक जीप रविवार की सुबह अनियंत्रित होकर सलेमपुर-बरठा मार्ग पर मईल थाना क्षेत्र के जोगापुर गांव के समीप गड्ढे में पलट गई। जीप में सवार तीन महिलाओं समेत छह श्रद्धालु घायल हो गए। हादसा देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचाया।
वहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज चल रहा है। रविवार की भोर से श्रद्धालुओं का जत्था बरहज के लिए निकला था। सलेमपुर ऑटो स्टैंड से एक जीप में भरकर श्रद्धालु बरहज के लिए रवाना हुए। सवारी भरने के बाद चालक अभी जीप लेकर सलेमपुर- बरठा मार्ग के जोगापुर गांव के समीप पहुंचा था कि जीप अनियंत्रित होकर सड़क किराने बने गड्ढे में पलट गई। जीप में सवार लार थाना क्षेत्र के धवरिया वार्ड निवासी रामप्रवेश चौहान 52 वर्ष पुत्र सूरज प्रसाद व उनकी पत्नी लाल चुन्नी देवी 48 वर्ष, सलेमपुर के वार्ड नंबर 12 परशुराम धाम निवासी विजय शंकर 55 वर्ष व उनकी पत्नी रम्भा देवी 52 वर्ष, प्रभुनाथ शर्मा 56 वर्ष व उनकी पत्नी गीता देवी 50 वर्ष घायल हो गए। घायल रम्भा देवी, गीता देवी व प्रभुनाथ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मईल एसओ राकेश सिंह ने बताया कि हादसे के बाद लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर लेकर चले गए। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।