जेल में बंद बदमाश के सराफा व्यवसायी से रंगदारी मांगने और धमकाने के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बदमाश के संपर्क में रहने वाले नगर के कई चर्चित लोगों के मोबाइल नंबर पुलिस की ओर से सर्विलांस पर लगाने की खबर है। इसमें कुछ ठेकेदार का भी मोबाइल नंबर शामिल है। इसके पूर्व भी बदमाश ने नगर के एक दुकानदार से रंगदारी मांगा था।
नगर के भरौली वार्ड निवासी जेल में बंद बदमाश सतीश कुमार सिंह ने नगर के किशोरगंज वार्ड निवासी सराफा व्यवसायी विष्णु वर्मा से फोन पर तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। पुलिस ने बदमाश पर केस दर्जकर व्यवसायी की सुरक्षा बढ़ा दिया है। इसकी दुकान पर एक सिपाही की ड्यूटी लगाई गई है। 18 दिसंबर 2015 को भी बदमाश सतीश ने व्यवसायी विष्णु से रंगदारी मांगी थी। इसकी शिकायत भी व्यवसायी ने पुलिस से की थी।
लेकिन तत्कालीन कोतवाल रामअवतार यादव ने इस शिकायत के नजरअंदाज कर दिया। इसके पूर्व भी सतीश नगर के हरैया वार्ड निवासी एक दुकानदार से फोन कर रंगदारी मांगी थी। इस मामले में भी सतीश पर केस दर्ज पुलिस ने किया था। पुलिस की माने तो नगर के कई नामचीन लोग और ठेकेदार सतीश के संपर्क में है। बदमाश के दबाव में लार, मझौलीराज और सलेमपुर नगर पंचायतों में काम कराने का ठेका भी मिलता है।
इस घटना के बाद नगर के अन्य व्यवसायियों में भय का माहौल है। मऊ जेल में मारपीट करने के बाद इन दिनों सतीश कुमार सिंह को आजमगढ़ जेल में शिफ्ट किया गया है। इस बाबत प्रभारी कोतवाल शशिकांत पांडेय ने बताया कि दुकानदार की सुरक्षा के लिए एक सिपाही की ड्यूटी लगाई गई है। बदमाश के संपर्क में रहने वाले लोगों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं।