संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना। मोबाइल का वीडियो कैमरा चालू कर एक युवती फंदे से लटक गई। युवती ने भाभी पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कुंडे से उतरवाया। पुलिस ने युवती की भाभी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, पिपरा मदन गोपाल गांव निवासी सूर्यपाल यादव की दो बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी शादीशुदा है। बेटे दिवाकर की एक साल पहले शादी हुई है। छोटी बेटी पूजा (22) की शादी नहीं हुई थी। बताया जा रहा है कि दिवाकर की पत्नी का घर के लोगों से आए दिन विवाद होता रहता था।
मंगलवार को पूजा अपने भाई का मोबाइल मांग कर कमरे के अंदर गई। उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। मोबाइल में वीडियो बनाया कि वह अपने भाभी के कारण जान देने जा रही है। मोबाइल का वीडियो कैमरा चालू कर वह पंखे के कुंडे से अपने दुपट्टे का फंदा लगाकर जान दे दी।
जब वह बाहर नहीं निकली तो परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो वह फंदे से लटक रही थी। नीचे उतारकर घर वालों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दरोगा अभिषेक यादव ने आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
लोगों की दरवाजे पर भीड़ जुट गई। पिता सूर्यनाथ की तहरीर पर पुलिस ने बहू राजनंदिनी देवी पत्नी दिवाकर यादव पर बीएनएस 108, 351 और 352 (3) के तहत केस दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर गोरखनाथ सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।ा