बघौचघाट। क्षेत्र के एक गांव में पढ़ाई के लिए परिजनों ने डांटा तो छात्र ने खुदकुशी कर ली। वह कई दिनों से अवसाद में चल रहा था। रविवार को छात्र के बड़े भाई ने चौराहे से घर जाने के लिए कहा, लेकिन उसने घर नहीं जाकर गांव के बाहर पेड़ में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बघौचघाट थाना क्षेत्र के बसडिला मैनुद्दीन कोइरीटोला का रहने वाला सैफ अली (20) वर्ष पुत्र हसमुद्दीन कुछ दिनों से परिजनों की डांट से नाराज चल रहा था। उसका पढ़ाई में मन नहीं लग रहा था। परिजन उसे लगातार समझा रहे थे। सैफ ने खानापीना भी छोड़ दिया था। रविवार की शाम को गांव के चौराहे पर गया था।
उसके बड़े भाई ने उसे घर जाने को कहा तो वह घर नहीं जाकर गांव के बाहर एक पेड़ में अपने मफलर से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। लोगों ने उसे पेड़ से झूलता देख परिजनों को सूचना दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मां शहजीदा खातून का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। सैफ पांच भाइयों में चौथे नंबर का था। थाना प्रभारी प्रदीप अस्थाना ने बताया कि बसडिला मैनुद्दीन में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।