जिला अस्पताल देवरिया में स्ट्रेचर धकेल कर ले जाता बच्चा।
- फोटो : DEORIA
30 रुपये नहीं देने पर मासूम से खिंचवाया स्ट्रेचर, वायरल
डीएम ने जिला अस्पताल पहुंचकर जाना मरीजों का हाल
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। जिला अस्पताल में 30 रुपये नहीं देने पर मासूम से स्ट्रेचर खिंचवाने का वीडियो वायरल होने के बाद सोमवार को डीएम जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इसके लिए फटकार लगाई और मरीज व उनके परिजनों से चिकित्सा और भोजन आदि की सुविधाओं के बारे में पूछा। एक वार्ड ब्वॉय की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
वायरल वीडियो में तकरीबन छह वर्ष का मासूम स्ट्रेचर को धक्का देकर मरीज को एक महिला के साथ ले जाते हुए नजर आ रहा है। स्ट्रेचर पर मासूम के नाना लेटे हुए हैं। जिले के बरहज क्षेत्र के गौरा गांव निवासी छेदीलाल यादव पिछले दिनों मारपीट की एक घटना में घायल हो गए थे। उन्हें जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया। छेदीलाल यादव की बेटी बिंदु यादव ने बताया कि तीन-चार दिन से वह अपने पिता के साथ जिला अस्पताल में है। यहां पिता को ड्रेसिंग के लिए बार-बार ड्रेसिंग रूम में ले जाना होता है। इसके लिए अस्पताल के कर्मचारी स्ट्रेचर से ले जाने के लिए हर बार 30 रुपये की मांग करते हैं। परिवार की स्थिति बार-बार इतने रुपये देने की नहीं है। रुपये नहीं देने पर अस्पताल कर्मियों ने छेदीलाल यादव को ड्रेसिंग के लिए ले जाने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि रुपये नहीं देने हैं तो मरीज को खुद ही ड्रेसिंग रूम ले जाना होगा। तब एक छह साल के बच्चे की मदद से बिंदु देवी पिता को ड्रेसिंग रूम तक ले गई। इसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
उधर, सीएमएस डॉ. छोटेलाल पूरा मामला संज्ञान में आने के बाद भी लीपापोती करते रहे। इसकी जानकारी होने पर डीएम अमित किशोर सोमवार दोपहर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने भर्ती बरहज ब्लॉक के गौरा ग्राम निवासी छेदीलाल यादव के इलाज के बारे में उनके परिजनों से पूछा। एक वार्ड ब्वॉय की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएमएस डॉ. छोटेलाल को चिकित्सालय की आवश्यकताओं का विवरण तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आरके श्रीवास्तव ने एनआरसी में सीसीटीवी कैमरा व एसी लगाए जाने की आवश्यकता जताई। इस दौरान सीएमओ आलोक पांडेय, एसडीएम सदर दिनेश कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।