देवरिया। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए डीआईओएस कार्यालय में सेंट्रल कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। यहां से कुल 179 केंद्रों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। सभी केंद्रों को इस कंट्रोल रूम से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।
24 फरवरी से प्रारंभ हो रही यूपी बोर्ड परीक्षा में जिले से इस बार 1.26 लाख परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। वहीं नए संशोधन के अनुसार जिले में प्रायोगिक परीक्षा भी एक से आठ फरवरी तक होगी। इन परीक्षाओं को बेहतर तरीके से संपन्न कराने के लिए विभागीय अधिकारियों की ओर से लगातार तैयारियों को परखा जा रहा है। शासन भी इसे लेकर लगातार गंभीर बना हुआ है। इधर परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों व केंद्राध्यक्षों व कक्ष निरीक्षकों की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए हर केंद्रों को ऑनलाइन सेंट्रल कंट्रोल रुम जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बनाने की तैयारी हो रही है। इसके लिए राजकीय विद्यालयों से कम्प्यूटर सहित अन्य संसाधन भी मंगाए जा रहे हैं।
सह जिला विद्यालय निरीक्षक आरएन भारती ने मंगलवार को बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक में जल्द ही कंट्रोल रुम स्थापित कर दिया जाएगा। इससे जनपद में बने 179 केंद्रों को जोड़ा जाएगा। इसके बाद हर केंद्र की ऑनलाइन निगरानी यहां से की जाएगी। नकल रोकने के लिए यह इंतजाम किया जा रहा है। प्रयोगात्मक परीक्षा के पहले ही यह बनकर तैयार हो जाएगा।