रुद्रपुर। नगर के दुग्धेश्वरनाथ वार्ड में पुरानी रंजिश में युवक पर धारदार हथियार से हमले के मामले में पुलिस ने मोहल्ले के तीन युवकों पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया है। वारदात के पीछे घायल युवक का प्रेम विवाह करना बताया जा रहा है। आरोपी दूसरे समुदाय के हैं। इसमें एक युवक की बहन से घायल ने दो साल पहले प्रेम विवाह किया था।
जानकारी के अनुसार, वार्ड की रहने वाली मीरा देवी पत्नी दीनानाथ राजभर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका बेटा अंकुश उर्फ प्रिंस (32) ऑटो चलाकर परिवार के भरण पोषण में सहयोग करता है। मोहल्ले के कुछ युवकों से उसका पुराना विवाद है। आरोपी नशे की हालत में अक्सर विवाद किया करते हैं। शुक्रवार की देर शाम उस पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया।
घायल का इलाज मेडिकल कॉलेज देवरिया में कराया गया। पुलिस ने आरोपी फरमान, सैफ और सुहेल पर हत्या की कोशिश और मारपीट का केस दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। संवाद