भटनी। नूरीगंज बाजार और मिश्रौली दीक्षित गांव के बीच छोटी गंडक नदी पर पक्का पुल बनने की स्वीकृति शासन से मिल गई है। करीब 28 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पुल के निर्माण होगा।
पहली किस्त के रूप में 9.95 करोड़ रुपये की धनराशि भी सेतु निगम को मिल गई है। पुल निर्माण से जहां नगर समेत 40 गांवों को सीधा लाभ होगा, वहीं नगर में जाम की समस्या से निजात मिलने की संभावना जताई जा रही है।
इसकी जानकारी मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए क्षेत्रीय विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है। भटनी नगर के उत्तर दिशा से होकर छोटी गंडक नदी बहती है। आवागमन के लिए 1983 में नकहनी वार्ड के सामने पुल का निर्माण कराया गया था।
समय के साथ नगर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बाईपास रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर पुल का निर्माण कराया जा रहा है मगर लोगों को रेलवे स्टेशन और वीरसिंहपुर, जिरासो, पुरनाछापर गांव जाने के लिए दो रेलवे क्रॉसिंग पार करके जाना पड़ता है।
ऐसे में क्षेत्रीय लोगों की लगातार मांग पर क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने मिश्रौली दीक्षित और नूरीगंज बाजार के बीच छोटी गंडक नदी पर पुल बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। विधायक के प्रयास से शासन ने पुल निर्माण की स्वीकृति दे दी है।
इसकी जानकारी मिलने पर मिश्रौली दीक्षित, जिगिना दीक्षित, पिपरा दीक्षित, वैद्य मिश्रौली, वीरसिंहपुर, जिरासो, परसौनी, पुरनाछापर, डुमरी, बनकटा शिव, सल्लहपुर, बेलवाबाबू, अहिरौली, फतेहपुर आदि गांवों के लोगों ने खुशी जताई है। साथ ही, विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है।
लोगों का कहना है पुल निर्माण से उनकी समस्या दूर हो जाएगी। आवागमन में सहूलियत होगी। हालांकि, मिश्रौली दीक्षित गांव में छोटी गंडक नदी के किनारे चकबंदी नहीं हुई है। ऐसे में पुल निर्माण के बाद सड़क किधर से जाएगी, यह अभी तय नहीं हो सका है।