तेज रफ्तार बाइक ने मजदूर को रौंदा, मौत
सलेमपुर-बरठा मार्ग पर पिपरा रामधर गांव के समीप हुआ हादसा
मईल पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जिला चिकित्सालय रेफर किया
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। तेज रफ्तार बाइक ने ईंट भट्ठे पर काम करने जा रहे एक मजदूर को रौंद दिया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी व बेटे को हल्की चोट आई। वहीं, बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मईल थाना क्षेत्र के पिपरा रामधर गांव निवासी लाल बहादुर प्रसाद (50) पुत्र दिवंगत भूखल प्रसाद क्षेत्र के एक भट्ठा पर पत्नी के साथ काम करते थे। बृहस्पतिवार की शाम तकरीबन 3:30 बजे वह घर से पत्नी व छोटे बेटे कुंदन के साथ काम करने ईंट भट्ठे पर जा रहे थे। अभी वह गांव के बाहर सलेमपुर-बरठा मार्ग पर पहुंचे थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे घटनास्थल पर ही मजदूर की मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी उर्मिला देवी व कुंदन घायल हो गए। दूसरी तरफ बाइक सवार जोगापुर गांव निवासी प्रदीप राजभर पुत्र गोरख राजभर व करन पुत्र फुलेना राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची मईल पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने लाल बहादुर प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक सवार घायल प्रदीप व करन की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। मईल पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाने चली गई।
बहन की शादी का कार्ड देने निकला था करन
सलेमपुर। जोगापुर गांव निवासी करन की बहन की शादी 18 मई को है। इसके लिए वह अपने मामा के घर कार्ड पहुंचाने गया था। लौटते समय यह हादसा हुआ। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में घायल अवस्था में वह यह कह कर बिलख रहा था कि अब कैसे मेरी बहन की शादी होगी कौन कार्ड पहुंचाएगा।
एंबुलेंस से घायल कूदा, पकड़ने में सिपाही घायल
सलेमपुर। सड़क हादसे में घायल जोगापुर गांव निवासी प्रदीप राजभर और करन को मईल थाने के एक सिपाही एंबुलेंस से इलाज के लिए जिला चिकित्सालय ले जा रहे थे। अभी धोबी भरथुआ चौराहे के समीप पहुंचे थे कि प्रदीप एंबुलेंस से कूदकर भागने लगा। यह देखकर एंबुलेंस में मौजूद सिपाही महेश यादव ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। इसमें महेश के पैर में चोट आ गई। सूचना पर पहुंची मईल पुलिस ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां सिपाही का इलाज हुआ।