देवरिया। स्नातक कक्षाओं में छात्रवृत्ति की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर छात्रनेताओं ने प्रदर्शन किया। नाराज छात्राें ने कुलपति का पुतला जलाकर गुस्से का इजहार किया। उनका कहना था कि अभी कई कक्षाओं के रिजल्ट जारी नहीं हुए हैं। इसके बावजूद छात्रवृत्ति की आवेदन तिथि नहीं बढ़ाई गई है।
संत विनोबा पीजी कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र मंगलवार को सुधांशु रंजन मिश्र की अगुवाई में नारेबाजी करते हुए कॉलेज परिसर से निकले। इसके बाद न्यू कालोनी चौराहा, कोतवाली चौराहा और डीएम आवास तिराहा होते हुए सुभाष चौक पर पहुंचे। इसके बाद छात्रों ने कुलपति प्रोफेसर अशोक कुमार का पुतला जलाया नाराजगी व्यक्त की। छात्राें का कहना था कि बीए और एमए के विभिन्न कक्षाओं के अभी तक रिजल्ट घोषित नहीं हुए, इससे सैकड़ों छात्र अगली कक्षा में अब तक प्रवेश नहीं ले सके हैं। इससे छात्रों के भविष्य पर प्रशभनचिह्न खड़ा हो गया है। इन सब परिस्थितियों से अवगत होने के बावजूद जिम्मेदारों ने छात्रवृत्ति की ऑनलाइन तिथि को नहीं बढ़ाया है। छात्रों का कहना था कि विश्वविद्यालय की गलती का खामियाजा हम गरीब छात्रों को भुगतना पड़ेगा। प्रदर्शन में विपिन यादव, अजीत सिंह, चंद्रप्रकाश मिश्र, सोनू गुप्ता, गोविंद गौतम, अमित पांडेय, अनिल प्रसाद आदि शामिल रहे।
इन्सेट
प्रेरकों ने मानदेय के लिए आवाज बुलंद की
देवरिया। आदर्श लोक शिक्षा प्रेरक वेलफेयर एसोसिएशन ने बकाया मानदेय भुगतान को लेकर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि 32 महीने से मानदेय के लिए तरस रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग पहल नहीं कर रहा है। प्रेरकों ने जिला लोक शिक्षा समिति और ब्लॉक लोक शिक्षा समिति पर आरोप लगाया। इस दौरान सिकंदर राय, प्रवीण उपाध्याय, राजेश श्रीवास्तव, शिवचंद्र यादव, प्रहलादा यादव, रामबहादुर, सिसई आदि शामिल रहे।
युवाओं की विरोधी है प्रदेश सरकार: विनोद
रुद्रपुर। प्रदेश की सपा सरकार में भ्रष्टाचार, लूट, हत्या का बोलबाला है। अपराधी खुलेआम सड़कों पर घूम रहे हैं। युवाओं को रोजगार और शिक्षा नहीं मिलने कारण वह मंजिल के रास्ते से भटक जा रहे हैं। प्रदेश सरकार की नीतियां युवाओं की विरोधी है। ये बातें भाजपा नेता विनोद गुप्त ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में कहीं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा परिणाम देर से देने के कारण हजारों छात्र छात्रवृत्ति के लिए आवेदन नहीं कर पाए। वहीं दूसरी ओर सपा सरकार ने इस बार जल्द ही छात्रवृत्ति आवेदन की करने वेबसाइट को बंद करा दिया। ऐसे में प्रदेश के लाखों छात्र इस बार स्कॉलरशिप से वंचित हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं के हक को लेकर भाजपा चुप नहीं बैठेगी। यदि आवेदन की तिथि दुबारा नहीं बढ़ाई गई तो भाजपा आंदोलन करेगी। प्रतिभाओं को प्रदेश सरकार मंच नहीं दे पा रही है। जिससे प्रतिभावान छात्र संसाधन के अभाव में सफल नहीं हो पा रहे। भाजपा नेता ने कहा कि पूरे विश्व की नजर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर है। अमेरिका, जापान, आस्ट्रेलिया देशों में मोदी को देखने उमड़ रही भीड़ यह साबित कर रही है कि भारत एक मजबूत राष्ट्र बनकर उभर रहा है। यह पूरे देश के लिए गौरव की बात है कि नरेंद्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री बने हैं।