देवरिया। संयुक्त शिक्षा निदेशक एसएन मिश्र ने कहा कि बोर्ड परीक्षा में मनमानी नहीं होने दी जाएगी। नियमों का अक्षरश: पालन किया जाएगा। उन्हीं विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा, जिनके यहां परीक्षार्थियों के लिए आधारभूत सुविधाएं होंगी। साथ ही रक्तदान के लिए प्रधानाचार्यों से सहयोग की अपील की। संयुक्त निदेशक एसएन मिश्र मंगलवार को शहर के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित प्रधानाचार्यों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले राजकीय इंटर कॉलेज और अनुदानित विद्यालयों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद अन्य विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विनोद कुमार राय ने कहा कि बोर्ड परीक्षा में परीक्षार्थियों कों दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। विद्यालयों की सूची तैयार की जा रही है। जिन विद्यालयोें को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। उसकी तैयारियों को आखिरी रूप देने का काम चल रहा है। काली सूची वाले विद्यालयों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। उन्होंने रक्तदान के लिए प्रधानाचार्यों से विद्यालयों में कैंप लगाने को बात कहा। कहा कि रक्तदान से जीवनदान मिलता है। इससे दूसरे का जीवन बचाया जा सकता है। साथ ही किसी तरह का नुकसान नहीं होता है। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य पीके शर्मा, फैसल अहमद, गोवर्द्धन प्रसाद आदि उपस्थित रहे।
प्रारूप भरवाया सूचना
कार्यक्रम में सभी प्रधानाचार्यों को एक निर्धारित प्रारूप दिया गया, जिसमें उनके विद्यालय की स्थिति, कमरों की माप और संख्या, परीक्षार्थियों के बैठाने की धारण क्षमता, चारदीवारी है या नहीं, शिक्षकों और कर्मचारियोें की संख्या आदि का भरना था।
संस्कृत विद्यालयों का निरीक्षण
संयुक्त शिक्षा निदेशक ने मंगलवार को जिले के चार संस्कृत विद्यालयों का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने पठन-पाठन और आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही खामियाें को दूर करने का निर्देश दिया।