एकौना। दोआबा और कछार क्षेत्र के 77 गांवों की रविवार की रात से बिजली गुल है। रात 10 बजे बिजली आते ही पचलड़ी पॉवर हाउस का आउटर फीडर में ब्लास्ट हो गया। इस कारण पूरे क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग फीडर ठीक करने में जुटा है।
पचलड़ी पॉवर से दोआबा और कछार के करीब 77 गांवों में बिजली की आपूर्ति की जाती है। यहां चार फीडर लगे है। रात्रि 10 बजे पॉवर हाउस के एसएसओ ने बिजली लगाया तो आउटर फीडर में तेज धमाका हुआ। एसएसओ को अनुसार अचानक वोल्टेज बढ़ जाने से आउटर फीडर ब्लास्ट कर गया। हालांकि पॉवर हाउस के तीन फीडर पूरी तरह सुरक्षित है। लेकिन खतरे की आशंका के मद्देनजर अन्य फीडरों को चालू नहीं किया गया। फीडर में आई गड़बड़ी के चलते सोमवार को देर शाम तक बिजली की आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। फीडर में ब्लास्ट हो जाने से पचलड़ी पॉवर हाउस से होने वाली बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। दोआबा और कछार क्षेत्र के करीब एक लाख आबादी को अंधेरे में रहना पड़ रहा है। पचलड़ी डीह चौराहे के लोगों ने सूर्य पष्ठी के त्योहार को देखते हुए बिजली की आपूर्ति जल्दी बहाल करने की मांग की है। इस बाबत अवर अभियंता पुष्कर पांडेय ने कहा कि फीडर को ठीक कराने के लिए काम चल रहा है। सोमवार को रात तक आपूर्ति बहाल हो जाने की पूरी संभावना है।
मुफ्त ट्रांसफार्मर के लिए जेब करनी पड़ेगी ढीली
अब कुल आने वाले खर्च में 68 हजार रुपये की ही मिलेगी छूट
300 मीटर तार और 25 केवीए का ट्रांसफार्मर मिलता था मुफ्त
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। बिजली विभाग के निजी नलकूपों के ऊर्जीकरण करने की योजना में बदलाव हो गया है। 300 मीटर तार और 25 केवीए का ट्रांसफार्मर अब मुफ्त नहीं मिलेगा। विभाग कुल आने वाले खर्च में 68 हजार रुपये छूट देगा।
निजी बोरिंग कराने वाले किसानों को बिजली विभाग मुफ्त ट्रांसफार्मर और 300 मीटर तक तार दे रहा था। इस योजना में पिछले वर्ष जिले में 26 अल्पसंख्यक और सात सामान्य वर्ग के लिए कोटा निर्धारित किया गया था। अल्पसंख्यक वर्ग का एक भी व्यक्ति इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन नहीं किया। सामान्य वर्ग में जो लोग ट्यूबवेल के कनेक्शन के लिए आवेदन किए थे, उन्हें इस योजना में डाल दिया गया था। चालू सत्र के लिए इस योजना में सामान्य वर्ग के लिए 10 और अल्पसंख्यकों के लिए 19 ट्रांसफार्मर लगाकर कनेक्शन देने थे। इस योजना में अल्पसंख्यक वर्ग का एक भी आवेदक विभाग को नहीं मिल रहा है। इसी बीच विभाग ने इस योजना में बदलाव कर दिया है। नए आदेश के अनुसार विभाग अब ट्रांसफार्मर और 300 मीटर तक तार मुफ्त नहीं देगा। विभाग खर्च का इस्टीमेट बनाएगा। कनेक्शन देने में कुल खर्च में 68 हजार रुपये की छूट मिलेगी। नए आदेश से जहां योजना का लाभ लेने वालों को जेब ढीली करनी पड़ेगी, वहीं विभाग को लक्ष्य हासिल करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
कोट
निजी बोरिंग वाले किसानों को मुफ्त ट्रांसफार्मर और 300 मीटर तार देने की योजना में बदलाव हो गया है। अब कनेक्शन में आने वाले कुल खर्च में 68 हजार रुपये की छूट उन्हें दी जाएगी।
- एके सिंह, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड, देवरिया।
केबिल ब्लास्ट होने से 70 गांव अंधेरे में
भटनी। सकरापार गांव के समीप रेलवे क्रासिंग के नीचे से गुजरा बिजली का केबिल रविवार की रात ब्लास्ट हो गया। इससे सब स्टेशन के देहात फीडर से जुड़े करीब 70 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। सोमवार की देर शाम तक ब्लास्ट हुए केबिल को विद्युत कर्मी ठीक नहीं कर सके थे।