सलेमपुर। बालू खनन को लेकर जिला प्रशासन थोड़ा भी गंभीर नहीं दिख रहा है। नदावरघाट पर बड़े पैमाने पर बालू का खनन जिम्मेदारों की मिलीभगत से हो रहा है। सब कुछ जानने के बावजूद भी पुलिस प्रशासन अंजान बना हुआ है।
भाटपाररानी और सलेमपुर तहसील के कई स्थानों पर बालू खनन जिम्मेदारों की मिलीभगत से हो रहा है। कुछ स्थानों पर प्रशासन खनन के लिए ठेका भी दे रखा है। लेकिन निर्धारित खनन स्थल से अलग हटकर ठेकेदार बालू का खनन करा रहे हैं। सलेमपुर तहसील के सरयू नदी के किनारे पिंडी, सईयागढ़, खेमादेई, नदावरघाट, चनुकी तथा भाटपाररानी के छोटी गंडक नदी से सवरेजी, बनकटा शिव, बीर सिंहपुर, बनकटा तिवारी घाट पर हो रहा है। इसकी शिकायत भी स्थानीय लोगों ने एसडीएम और पुलिस से कई बार की। इसके बाद भी प्रशासन खनन माफियों पर अंकुश लगाने में विफल साबित हो रहा है। नदवारघाट से हर रोज करीब 15 से 20 ट्रक सफेद बालू गोरखपुर के लिए जाता है। इस बाबत एसडीएम राकेश सिंह ने बताया कि बालू खनन की कोई सूचना नहीं है। अगर बालू खनन हो रहा है तो इस पर रोक लगाई जाएगी।