भटनी। घूस लेते सीबीआई के हत्थे चढ़े सेंट्रल बैंक के सहायक प्रबंधक को बैंक के आरएम ने मंगलवार को निलंबित कर दिया। वहीं सीबीआई बैंक के कैशियर की भूमिका को संदिग्ध मानकर इस प्रकरण की जांच कर रही है। बैंक अधिकारियों की मानें तो सीबीआई की जांच रिपोर्ट आने के बाद कर्मचारियों को बर्खास्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
भटनी नगर के खोरीलारी रामपुर सेंट्रल बैंक की शाखा में नगर के दवा व्यवसायी प्रमोद बरनवाल ने बैंक से सात लाख की (कैश क्रेडिट) सीसी कराई थी। इसकी लिमिट बढ़ाने के लिए प्रमोद बैंक के सहायक शाखा प्रबंधक नरेन्द्र कुमार के पास आवेदन किया था। इसके एवज में सहायक प्रबंधक व्यवसायी से घूस के रूप मेें 35,000 रुपये की मांग कर रहा था। घूस देने में असमर्थ व्यवसायी ने इसकी शिकायत सीबीआई से कर दी। भटनी पहुंची सीबीआई की टीम ने व्यवसायी की मदद से सोमवार को घूस लेते सहायक प्रबंधक को पकड़ लिया। सीबीआई की रिकॉर्डिंग में बैंक कैशियर भी भूमिका संदिग्ध मिली थी। सीबीआई ने बुधवार को सहायक प्रबंधक को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने कर्मचारी को जेेल भेज दिया। इस बाबत सेंट्रल बैंक के आरएम राजेश कुमार ने बताया कि सीबीआई की कार्रवाई के बाद सहायक प्रबंधक को निलंबित कर दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कर्मचारियाें की कमी से हलकान रहे ग्राहक
भटनी। सीबीआई की कार्रवाई और कर्मचारियों के अवकाश पर चले जाने से दो कर्मचारियों के भरोसे दो दिन से बैंक का कार्य चल रहा है। इससे बैंक में पहुंच रहे ग्राहकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन दिनों बैंक में अटैच हुए सोहनाग के सहायक प्रबंधक दिवाकर कुमार और कैशियर रामचरण यादव के जिम्मे बैंक की पूरी जिम्मेदारी है।