भिंगारी बाजार। बच्चों को लेकर उपजे में विवाद में निर्माणाधीन मकान की नींव पर खेल रही बच्ची को एक बालक ने रविवार को धकेल दिया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खामपार क्षेत्र के नंदपुर गांव में देवेन्द्र यादव की 3 वर्षीय बेटी ज्योति उर्फ बेबी हमउम्र बच्चों के साथ पड़ोस के एक निर्माणाधीन मकान की नींव पर शाम को चार बजे खेल रही थी। इस दौरान बच्चों के बीच विवाद हो गया। इससे नाराज पड़ोस का रहने वाला एक आठ वर्षीय बालक ने ज्योति की पिटाई करते हुए निर्माणाधीन मकान से नीचे धकेल दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वह बेहोश हो गई। आनन-फानन घरवाले बच्ची को लेकर भाटपाररानी सीएचसी पर पहुंचे जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची खामपार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया। इस मामले में देर शाम तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी। इस बाबत खामपार एसओ राणा देवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।