बरहज। प्रमुख सचिव हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग जितेंद्र कुमार ने सोमवार को तहसील, ब्लाक कार्यालय, नगर पालिका, अस्पतालों और थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने कहाकि विकास के कार्यों में मनमानी नहीं चलेगी। अधिकारी शासन के तय विकास कार्यों को प्राथमिकता दें। जनता की शिकायतों को प्राथमिकता से सुनें। उन्होंने नगर पालिका में निर्माण कार्यों का सीडीओ के नेतृत्व में टीम बनाकर भौतिक सत्यापन का निर्देश दिया। बरहज देवरिया मार्ग के निर्माण के बाद पैचिंग कार्य की समीक्षा कराने को कहा। कृषि की भूमि को क्रय कर कामर्शियल रूप में प्रयोग पर कर चोरी की बात कहते हुए ऐसे लोगों पर कार्रवाई की बात कही। तहसील में निरीक्षण के दौरान गांवों के रिकॉर्डों के साथ गांव के नक्शा रखे जाने का निर्देश दिया।
प्रमुख सचिव 10:30 बजे तहसील कार्यालय पहुंचे। यहां रिकॉर्डों को देखे और उसके रखरखाव पर नाराजगी जताई। गांवों के रिकॉर्डों के बंडल में नक्शा नहीं होने पर गांवों के नक्शे रखे जाने का निर्देश दिया। यहां लोगों की शिकायतें भी सुनीं और मातहतों को निस्तारण का निर्देश दिया। इसके बाद नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। अमरेंद्र गुप्त, अजयप्रताप सिंह, सभासद सचिन सिंह की शिकायत पर निर्माण कार्यों की सीडीओ के नेतृत्व में टीम गठित कर भौतिक सत्यापन का निर्देश दिया। नगर पालिका और डूडा के कार्यों में रिकॉर्डों के साथ मिलान के बाद ही निर्माण कार्य कराने को कहा। ताकि एक-दूसरे के कार्यों में गोलमाल न हो सके। ईओ से टैक्स रीवीजन कब तक पूरा होने और कितने वार्डों के होने कीं जानकारी ली। आपत्ति के अनुपालन की आख्या और नगर के नक्शे को भी देखा। नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान उसकी हालत देख प्रमुख सचिव दंग रह गए और बोल पड़े कि यह तो पशुशाला लगता है। यहां टोकरी में रखी दवा मिली। पूछने पर बताया गया कि दो माह से बुखार की दवा ही नहीं है। धूल से पटी दवा की एक्सपायरी डेट को भी देखा। सीएमओ से तत्काल अस्पताल के लिए एक प्रस्ताव भेजने को कहा। थाने पर पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ आनर दिया। जांच के दौरान महिला उत्पीड़न के मामले की जानकारी ली। विकास खंड कार्यालय पर शासन के प्रमुखता वाले विकास के 23 बिंदुओं का निरीक्षण किया। ऋण वितरण, बाल विकास, स्वयंसहायता समूह और मनरेगा, स्वच्छता को देखे। केसीसी की भेजी गई रिपोर्ट में 1970 लोगों के नहीं बन पाने पर नाराजगी जताई। बीडीओ से कितनी बार आने और कितने जगहों के चार्ज होने की जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी शरद कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक एस चनप्पा, एडीएम बीके गुप्ता, सीडीओ कैप्टन आलोक शेखर तिवारी, एसडीएम शैलेंद्र कुमार, सीओ राजेश कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।