देवरिया। बैंकों की मनमानी से सरकार की योजनाएं लागू करने में अड़चनें आ रही हैं। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी समाजवादी पेंशन योजना भी बैंकों के रवैये से परवान नहीं चढ़ पा रही है। बैंक आवेदकों का शून्य बैलेंस पर खाता खोलने से कतरा रहे हैं। बीडीओ और नगर पंचायत/नगर पालिका के ईओ की शिकायत पर सीडीओ ने सख्त कदम उठाया है। उन्होंने शून्य बैलेंस पर खाता नहीं खोलने वाले शाखा प्रबंधकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
जिले में 68914 लाभार्थियों को समाजवादी पेंशन योजना का लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 202046 लोगों ने आवेदन किया है। इसमें 20,000 लोग ही पात्र मिले हैं। इन पात्रों को शून्य बैलेंस पर खाता खुलवाने के लिए बैंकों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। बुधवार को प्रभारी डीएम/सीडीओ कैप्टन आलोक शेखर तिवारी की अध्यक्षता में विकास भवन में सभी बीडीओ और नगर पालिका/नगर पंचायतों के ईओ के साथ बैठक हुई। इसमें बैंकों पर खाता नहीं खोलने की शिकायत बीडीओ और ईओ ने की। जिसे गंभीरता से लेते हुए प्रभारी डीएम ने लीड बैंक के मैनेजर को चिटठी लिखकर चेतावनी दी है कि यदि शून्य बैलेंस पर खाता नहीं खोला जाएगा तो यह शासनादेश का उल्लंघन है। विवश होकर संबंधित शाखा प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी शाखा प्रबंधक की होगी।