देवरिया। जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में देरी पर सीएमओ ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने जिले के सभी सरकारी और शहर के सात निजी अस्पताल के संचालकों को चिट्ठी लिखकर हर माह की पांच तारीख तक जन्म और मृत्यु सूचना प्रपत्र से नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत अधिकारी के पास भेजने का निर्देश दिया है।
जिले में देहात इलाकों में 13 और नगर क्षेत्र में छह पीएचसी और सीएचसी स्थित हैं। जहां बच्चों के जन्म लेने का चिकित्सकीय इंतजाम है। इसके अलावा शहर के सात निजी अस्पतालों में भी बच्चों के जन्म लेने की व्यवस्था है। लेकिन इन सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों में जन्म और मृत्यु सूचना का प्रपत्र भरकर नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत को समय से नहीं जाते हैं। इसके चलते जन्म और मृत्यु पंजीकरण संभव नहीं हो पाता। इसे अनिवार्य बताते हुए सीएमओ डॉ. एएन तिवारी ने हर माह की पांच तारीख तक जन्म और मृत्यु सूचना प्रपत्र भरकर नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत अधिकारी को देना होगा। ताकि प्रमाण पत्र समय से जारी हो सके।