देवरिया। भटवलिया स्थित बिजली विभाग के वर्कशाप में वेल्ंिडग की चिंगारी से आग लग गई। करीब दो घंटे तक आग जलती रही। आग से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटों को देखकर अफरातफरी मच गई। बिजली विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। आग से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बगल में पेट्रोल पंप होने के कारण लोग दहशत में आ गए। समय रहते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह आग पर काबू पाया।
आग लगने के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित रही। भटवलिया स्टैंड से आगे जेल रोड पर बिजली विभाग का पावर हाउस है। उसके बगल में स्थित ट्रांसफार्मर वर्कशाप में वेल्डिंग करते समय शाम करीब छह बजे आग लग गई। ट्रांसफार्मर के तेल के कारण आग तेजी से फैलने लगी। काम कर रहे कर्मचारी जान बचाकर भाग खड़े हुए। देखते ही देखते आग की लपटों ने आसमान की तरफ उठने लगीं। आग से वर्कशाप में रखे सात पुराने ट्रांसफार्मर, वाईडिंग मशीन, एलटी क्वायल समेत सारा सामान जलने लगा। आग को देखकर अगल-बगल के लोग बाल्टी लेकर उधर दौड़ पड़े। देवरिया-सलेमपुर मुख्य मार्ग से गुजर रहे लोग भागने लगे। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर गिरिजेश कुमार चौधरी और सीओ अभय मिश्र मौके पर पहुंचे। फायर सर्विस की गाड़ी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने लगी। करीब दो घंटे तक फायर सर्विस के अधिकारी आग बुझाने में लगे।
इसी बीच एक फायर सर्विस की गाड़ी में पानी खत्म हो गया। तो दूसरे फायर सर्विस की गाड़ी ने पोखरे की पानी से आग बुझाने में लग गई। करीब दो घंटे तक मशक्कत के बाद रात करीब आठ बजे तक आग पूरी तरह काबू में हो सका। आग की सूचना पर गोरखपुर से चीफ इंजीनियर बीके श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता डीके सिंह, अधीक्षण अभियंता वर्कशाप डीपी गुप्ता मौके पर पहुंचकर नुकसान के आंकलन में जुट गए। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि आग काम करते समय लगा है।