देवरिया। श्री श्याम मित्र मंडल ने बुधवार को सतरंगी फाल्गुन निशान यात्रा निकाली। श्याम प्रभु और खाटू नरेश के जयकारे से शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। श्याम मंदिर पहुंचकर प्रभु को ध्वज चढ़ाया गया। भक्तों में प्रसाद का वितरण हुआ और रात में भजनों की गंगा कार्यक्रम आयोजित हुआ।
सुबह 08.45 बजे से न्यू कालोनी स्थित पंडित दीनदयाल पार्क से सतरंगी फाल्गुन निशान यात्रा निकली। भक्त हाथों में निशान लिए एक-दूसरे पर रंगों की वर्षा कर रहे थे। जलकल रोड, अमर ज्योति चौराहा, नई बाजार, मोहन रोड, ठठेरी गली, मालवीय रोड पार करते हुए बजाजी रोड, सेंटर पुलिस चौकी, नगर पालिका रोड, कोआपरेटिव चौराहा होते हुए सुभाष चौक पहुंची। यहां से मालवीय रोड, ओवरब्रिज पार करते हुए पिंजरा गौशाला होते हुए निशान यात्रा श्याम मंदिर पहुंची। मंदिर को गुब्बारों और फूलों से भव्य सजाया गया था। यहां भक्तों ने भगवान को भाव समर्पित करते हुए ध्वज चढ़ाया। भगवान को भोग लगाया गया और फिर भक्तों में प्रसाद का वितरण किया। रास्ते में भक्तों ने श्याम प्रभु और खाटू नरेश का जयकारा लगाया। इससे शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। रात के समय कानपुर से आए कुमार मयंक और अरुण पांडेय एंड पार्टी ने भजनों की गंगा कार्यक्रम आयोजित की गई। भक्त रात भर भक्ति की गंगा में गोता लगाते रहे।
निशान यात्रा में अशोक कुमार अग्रवाल, कृष्ण मुरारी शर्मा, राकेश गाडिया, भोलानाथ जायसवाल, पुरुषोत्तम परशरामपुरिया, शरद अग्रवाल, अमर अग्रवाल, कमला अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, मीरा जायसवाल, सुशीला वर्मा आदि लोग शामिल रहीं।