देवरिया। सीमेंट कारोबारी की दुकान से कुछ लोगों ने पलक झपकते ही कैश काउंटर में रखा करीब 97 हजार रुपये उड़ा दिये। दुकानदार को जब जानकारी हुई तो उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। दुकानदार ने कुछ लोगों पर आशंका जताई है।
शहर के रामगुलाम टोला मोहल्ले के गायत्रीपुरम निवासी जयप्रकाश गुप्ता की कसया रोड पर सीमेंट की दुकान है। गुरुवार की दोपहर वह दुकान पर बैठे थे। काम करने वाले ट्रॉली पर सीमेंट सहित अन्य सामान लाद रहे थे। इसी बीच दुकानदार जयप्रकाश गुप्ता थोड़ी देर के लिए काउंटर से अलग हट गए थे।
इसी दौरान किसी ने कैश बाक्स तोड़कर दुकान में रखा करीब 97 हजार रुपये निकाल लिए। जब दुकानदार काउंटर के पास पहुंचे तो उन्हें बाक्स टूटा मिला। चोरी की आशंका होने पर उन्होंने बाक्स खोला तो उनके होश उड़ गए। तत्काल उन्होंने सूचना पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।