बैतालपुर। परिषदीय स्कूलों में पठन-पाठन व्यवस्था जिम्मेदारों के उदासीन रवैये से चौपट हो गई है। अधिकारियों के निर्देश का कोई असर नहीं दिख रहा है। शनिवार को बीईओ के निरीक्षण में तीन स्कूलों में ताले लटके मिले। इससे नाराज बीईओ ने संबंधित प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों का एक दिन का वेतन काटने की रिपोर्ट बीएसए को भेज दी है। शिक्षामित्रों का भी एक दिन का मानदेय काटने की रिपोर्ट भेजी है।
परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों को सुबह दस बजे पहुंचने और शाम चार बजे स्कूल बंद करने का निर्देश है। इसके बाद भी शिक्षक समय से स्कूल पहुंचने और बंद करने में मनमानी कर रहे हैं। इसकी शिकायत मिलने पर बीईओ रामटहल शाम 3:15 बजे प्राथमिक विद्यालय भरटोला का निरीक्षण करने पहुंचे। विद्यालय में ताला लटका देखकर वह दंग रह गए। उन्होंने प्रधानाध्यापक अनवरी बेगम और सहायक अध्यापक स्वाति तिवारी के वेतन काटने की रिपोर्ट भेज दी। इसके अलावा 3:35 बजे प्राथमिक विद्यालय और पूर्व माध्यमिक विद्यालय बलियवां में भी ताला लटका मिला। उन्होंने विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों का एक दिन का वेतन और शिक्षामित्रों का एक दिन का मानदेय काटने की रिपोर्ट बीएसए को भेजी। बीईओ ने बताया कि स्कूल बंद कर छुट्टी मनाने वाले शिक्षकों की खैर नहीं है। सभी शिक्षक समय से स्कूल खोलें और बंद करें।