रुद्रपुर। मानस इंटर कॉलेज फत्तेपुर में बृहस्पतिवार को विधायक निधि से निर्मित अतिरिक्त कक्ष का पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण उर्फ खोखा सिंह ने लोकार्पण किया।
इस दौरान अवकाशप्राप्त तीन शिक्षकों और एक कर्मचारी को सम्मानित किया गया। पूर्व विधायक ने कहा कि शिक्षा की ज्योति व्यक्ति को दिव्य ज्ञान की ओर ले जाती है। उन्होंने आधुनिक शिक्षा में बढ़ते बाजारवाद पर चिंता जताई। कहा कि भारत की सरकारी शिक्षा पद्धति सर्वोत्तम है। लेकिन आधुनिकता के चकाचौंध में शिक्षा अपने मूल उद्देश्यों से भटकती जा रही है। यही कारण है कि राजनीति में भी गिरावट आई है। राजनीति में आर्थिक कदाचार बढ़ता जा रहा है। इस अवसर पर अवकाशप्राप्त शिक्षक वृद्धि चंद यादव, बृजलाल श्रीवास्तव, रामबहादुर सिंह और कर्मचारी तिलकधारी यादव को पूर्व विधायक ने सम्मानित किया।
इससे पहले उन्होंने विद्यालय के संस्थापक बाबू भगवती सिंह की प्रतिमा पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान बैजनाथ सिंह, रामभवन गुप्ता, प्रधानाचार्य भगवान शाही, रमेश सिंह, बीके मिश्रा, देवेंद्र मिश्र और सत्यनारायण पांडेय आदि मौजूद रहे।