रुद्रपुर। दुर्गा पूजा के पंडालों में मोदी छा गए है। भाजपा के पीएम इन वेटिंग नरेंद्र मोदी का कैसेट रुद्रपुर के दुर्गा पूजा पंडालों रात भर बज रहा है। दुर्गा पूजा में नमो नमो का मंत्र जाप कर रहे लोगों ने पंडाल में मोदी की झांकी सजाई है।
उपनगर के पुरानी बाजार में अचानक भयानक दल की ओर से पूजा पंडाल में सजाई गई झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी है। यह दल हर वर्ष की तरह इस साल भी समसामयिक विषयों पर झांकी बनाया है। अचानक भयानक दल ने पंडाल में मुजफ्फरनगर दंगों पर चित्रण करने के अलावा लालू की जेल यात्रा को भी दिखाया है। जेल में बंद लालू की चारा खाती तस्वीर लोगों को हंसते-हंसते लोटपोट कर दे रही है। रुद्रपुर उपनगर में करीब दो दर्जन दुर्गा पूजा के पंडाल सजाए गए हैं। कमोवेश हर पंडाल में मोदी की धूम मची है। नरेंद्र मोदी के नाम का कैसेट जगह-जगह बज रहा है। भाजपाइयों ने दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में जुटने वाली भीड़ को भुनाने के लिए मोदी तस्वीरों वाली होर्डिंग भी लगाई है। रविवार को गोला वार्ड के दुर्गा पूजा पांडाल और मां ब्रह्मचारिणी देवी मूर्ति पूजा समिति के पंडाल में नरेंद्र मोदी का कैसेट बजता रहा। पुरानी बाजार में मोदी की सजी झांकी में मोदी नहीं यह आंधी है भारत का गांधी है... नारा लिखकर मोदी को पीएम बनाने की अपील की गई है।